वर्ष 2022 से चल रहे एआईसीएफ के चेस इन स्कूल प्रोग्राम का आयोजन अब प्रदेश के गांवों और कस्बों के स्कूलों में भी होगा। प्रदेश की शतरंज इकाइयों को इसकी जानकारी दी गई है। यह बातें रविवार को आर्यनगर स्थित गैंजेस क्लब में उप्र चेस स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष कार्तिक कपूर ने आमसभा के दौरान कही। आमसभा में 42 जिलों के प्रतिनिधि पहुंचे। अध्यक्ष कार्तिक कपूर ने बताया कि अगस्त में ओपन शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन कानपुर में होगा। इसके अलावा अंतर विद्यालयीय राज्य स्तरीय प्रतियोगिता कराने की भी योजना है। सीतापुर में जीएम (ग्रैंड मास्टर) सीरीज फिडे रेटिंग टूर्नामेंट की सफल शुरुआत हुई है। चयनित खिलाड़ियों को जीएम और आईएम स्तर के विशेषज्ञों से विशेष प्रशिक्षण दिलवाया जाएगा।