नगर के मरहला चौराहा स्थित डाॅ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम की तर्ज पर शिवराजपुर स्थित राजकीय रामसहाय महाविद्यालय के पास सरकारी जमीन पर मिनी स्टेडियम बनाया जाएगा। इसके लिए मंगलवार को कानपुर लोक निर्माण विभाग खंड दो की दो सदस्यीय टीम ने शुक्लागंज के स्टेडियम की नाप जोख कराने के साथ ही वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कराई। उन्नाव जिले में दूसरा और नगर में पहला स्टेडियम मरहला चौराहा स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम जिला युवा कल्याण विभाग की ओर से बनाया गया है। इसका उद्देश्य है कि खिलाड़ी यहां प्रैक्टिस कर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना देश, प्रदेश, जिले और नगर का मान बढ़ाएं। मंगलवार दोपहर कानपुर पीडब्ल्यूडी खंड दो से जेई प्रमोद कुमार आर्या और ए शर्मा स्टेडियम पहुंचे। उन्होंने बताया कि शिवराजपुर में स्टेडियम शुक्लागंज के इसी स्टेडियम की तरह बनाया जाना है। इसकी लंबाई 118 व चौड़ाई 110 मीटर होगी। शिवराजपुर में बनाए जाने वाले स्टेडियम में दर्शक दीर्घा, वॉलीबॉल, बास्केटबाॅल और बैडमिंटन कोर्ट के अलावा रनिंग ट्रैक बनाया जाएगा। इसकी नापजोख और अन्य जरूरी बिंदुओं की रिपोर्ट बनाकर विभाग की ओर से शासन को भेजी जाएगी। शासन स्तर से धन आवंटित होने के बाद शिवराजपुर में एक से दो माह में निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।