धनतेरस के पर्व पर शनिवार को बाजारों में खरीदारों की भीड़ उमड़ी। जीएसटी घटने से ग्राहकों के साथ दुकानदारों के भी चेहरे खिले रहे, इसका असर बाजार में दिखा। लोगों ने खूब खरीदारी की। सराफा की दुकानों पर सोने-चांदी की कीमतें बढ़ने के बावजूद महिलाओं ने आभूषणों की खूब खरीददारी की। राजधानी मार्ग पर सजी गणेश-लक्ष्मी, खील-गट्टा और झाडू की दुकानों पर भी भीड़ रही। नगर का बर्तन बाजार भी गुलजार रहा। धनतेरस पर शनिवार को जैसे-जैसे दिन चढ़ा, शहर से लेकर कस्बों तक के बाजारों में भीड़ बढ़ती गई। आधी रात तक बाजारों में भीड़ बनी रही। मान्यता है कि कोई न कोई नई वस्तु की खरीदारी करनी चाहिए। इससे घर में सुख-समृद्धि आती है। इसी वजह से लोग अपनी सामर्थ्य के अनुसार खरीदारी करते रहे। राजधानी मार्ग सब्जी मंडी, पोनीरोड, राजधानी मार्ग निषाद मार्केट, मिश्रा कॉलोनी, देवारा, सहजनी स्थित ज्वैलर्स की दुकानों में भीड़ रही। सराफा कारोबारी मयंक शुक्ला ने बताया कि नेकलेस, हार और अंगूठियां महिलाओं की खास पसंद रही। राजधानी मार्ग सब्जी मंडी से लेकर मरहला चौराहे तक जगह-जगह बिजली की झालरों, खील-गट्टा, लईया,झाडू, मिठाई की दुकानें सजी रही। वहीं, शनिवार की दिन होने से वाहन बाजार कुछ मंदा रहा। बताया गया कि लोगों में इस बात का संशय रहा कि शनिवार को लोहा नहीं खरीदा जाता है। हालांकि बर्तन बाजार में भीड़ रही।