कानपुर के शिवराजपुर ब्लॉक के सखरेज गांव में पानी का संकट गहराता जा रहा है। करीब 20 हजार की आबादी वाला यह गांव इन दिनों बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहा है। हालात यह हैं कि ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए दो-दो किलोमीटर दूर जाना पड़ रहा है। गांव में जलापूर्ति व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है, जिससे लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। सखरेज गांव के लोग साइकिल, बाइक और ट्रैक्टर के सहारे दूर-दराज से पानी ढोने को मजबूर हैं। सुबह से ही पानी भरने के लिए लाइन लग जाती है और महिलाओं, बुजुर्गों व बच्चों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले दो वर्षों से वे इस समस्या को लेकर लगातार अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला है।