कल्याणपुर थाना क्षेत्र के आवास विकास तीन में मोबाइल चोरी करने के बाद रकम के बंटवारे को लेकर हुई मारपीट की घटना में घायल किशोर की रविवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम भेज दिया। आवास विकास झोपड़पट्टी में रहने वाली सोमवती ने बताया कि उनके तीन बच्चे अरुण, आरती और ईशू गौतम (14) हैं। ईशू मसवानपुर स्थित एक चट्टा संचालक के पास बीते तीन साल से काम कर रहा था। वहां उसके साथ अन्य चार बच्चे काम करते थे। आरोप है कि करवाचौथ से दो दिन पहले चट्टा संचालक के कहने पर ईशू व उसके साथी ने इलाके में रहने वाले अमन का मोबाइल चोरी कर लिया था। आरोप है कि ईशू के दोस्त ने मोबाइल बेंच दिया था, जिसके पैसे ईशू मांग रहा था। इसको लेकर दोस्तों ने ईशू की डंडों से पिटाई कर दी थी। आर्थिक स्थिति बेहद खराब होने के कारण वह लोग उसका घर पर ही इलाज कर रहे थे। रविवार रात ईशू की घर पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। कल्याणपुर इंस्पेक्टर अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि आरोपों की जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।