नरवल तहसील क्षेत्र में सर्द हवाओं के चलते ठंड का असर तेज हो गया है। जनसुविधा को ध्यान में रखते हुए एसडीएम नरवल विवेक कुमार मिश्रा ने चकबंदी कार्यालय कक्ष का निरीक्षण किया और निर्देश दिए कि कुछ दिनों के लिए चकबंदी कार्यालय को तहसील सभागार में स्थानांतरित कर दिया जाए। इस कक्ष को रैन बसेरे के रूप में तैयार किया गया है, जहां रजाई, गद्दे और अलाव तक की पूरी व्यवस्था की जाएगी। तहसील परिसर में खुले पड़े टीन शेड को भी तिरपाल से ढककर रैन बसेरे का रूप दिया गया है ताकि अधिक से अधिक लोगों को ठंड से राहत मिल सके। एसडीएम ने सभी नोडल अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्र में संचालित रैन बसेरों का तत्काल निरीक्षण करें और आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ठंड के मौसम में जनसुविधा से जुड़ी किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। यदि किसी रैन बसेरे में कमी पाई जाती है तो संबंधित नोडल अधिकारी की जवाबदेही तय कर उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने अलाव की व्यवस्था, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और पेयजल की उपलब्धता पर विशेष जोर दिया। बताया गया कि यहां पर्याप्त मात्रा में रजाई और कंबल उपलब्ध कराए जाएंगे ताकि किसी भी व्यक्ति को असुविधा न हो। अधिकारियों को कार्य के प्रति लापरवाही न बरतने की चेतावनी भी दी गई।