कानपुर पनकी क्षेत्र के गंगागंज कॉलोनी में घरों के सामने से निकला बड़ा नाला स्थानीय लोगों के लिए परेशानी और खतरे का कारण बन गया है। नाले के किनारे न तो बेरीकेडिंग लगाई गई है और न ही बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया गया है, जिससे आए दिन हादसे की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नाले के पास सुरक्षा व्यवस्था न होने के कारण कई बार लोग फिसलकर गिर चुके हैं। खासकर रात के समय और बरसात में यहां से गुजरना और भी जोखिम भरा हो जाता है। निवासियों ने बताया कि कई बार नगर निगम से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही नाले के किनारे सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए तो बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय लोगों ने नगर निगम से नाले के किनारे बाउंड्री वॉल या बेरीकेडिंग लगाने की मांग की है, ताकि क्षेत्र में होने वाले हादसों पर रोक लग सके।