पनकी में घर में चोरी कर रहे एक चोर को परिजन ने पकड़ लिया जबकि साथी पांच लाख के जेवर, नकदी लेकर भाग गया। पनकी स्वराज नगर निवासी दिलीप पाल ने मंगलवार को रिपोर्ट दर्ज कराई है। दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह निजी संस्थान में जॉब करते हैं। 27 दिसंबर को मोहल्ले में एक कार्यक्रम में परिवार के साथ गए थे। रात करीब 11 बजे अचानक घर लाैटते तो मुख्य गेट खुला था। घर के अंदर दो चोर सामान समेट रहे थे। एक युवक को पकड़ लिया जबकि दूसरा साथी दो सोने की चेन, दो जोड़ी कान की बाली, मंगलसूत्र, चांदी के एक जोड़ी कड़े, तीन सोने की अंगूठी, बच्चों के तीन लॉकेट और 50 हजार रुपये नगद लेकर भाग गया। पकड़े गए चोर को पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस को पकड़े गए चोर ने अपना नाम मनोज अरोड़ा बताया है। पनकी थाना प्रभारी मनोज भदौरिया ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया वहां से जेल भेज दिया गया है। उसका दूसरा साथी 15 दिन पहले ही जेल से आया था। उसकी तलाश की जा रही है।