कानपुर गोविंद नगर क्षेत्र में रविवार को ट्रैफिक व्यवस्था की बड़ी लापरवाही सामने आई, जहां भीषण जाम के कारण एक एंबुलेंस करीब ढाई घंटे तक सड़क पर फंसी रही। एंबुलेंस में सवार मरीज अक्षत शुक्ला उर्फ ऋषभ की हालत बिगड़ने लगी, लेकिन जाम इतना लंबा था कि वाहन आगे नहीं बढ़ सका। परिजन लगातार राहगीरों और पुलिस से मदद की गुहार लगाते रहे, मगर स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। अंततः मजबूर होकर परिजनों ने मरीज को एंबुलेंस से बाहर निकाला और पैदल ही अस्पताल की ओर लेकर निकल पड़े। इस दौरान सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और लोगों की भीड़ जुट गई।