कानपुर। महाराजपुर के रूमा स्थित सिद्ध श्री बालाजी मंदिर में गुरुवार को हनुमान महोत्सव धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। भोर पहर से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और हजारों भक्तों ने भगवान बालाजी के दर्शन कर विशेष पूजा-अर्चना में भाग लिया। मंदिर परिसर घड़ियालों की गूंज और “जय श्रीराम” व “जय बालाजी” के जयकारों से गुंजायमान रहा। मंदिर समिति की ओर से भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए। इस दौरान बालाजी को सवामिनी भोग अर्पित किया गया और विधि-विधान से हवन-पूजन संपन्न कराया गया। हवन के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया गया।