सेनपश्चिम पारा क्षेत्र में घरेलू कलह के चलते एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। क्षेत्र निवासी बुद्धि प्रकाश (50) ने रविवार शाम फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि बुद्धि प्रकाश जाजमऊ स्थित एक लेदर फैक्टरी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत थे। उनकी पत्नी रेखा ने पुलिस को बताया कि पति शराब के आदी थे और आए दिन घर में विवाद कर मारपीट करते थे। तीन दिन पहले भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था, जिसके बाद उन्होंने रेखा को घर से भगा दिया था। इसके बाद वह अपने मायके यशोदा नगर चली गई थीं। रविवार शाम जब घर पहुंचे परिजनों ने बुद्धि प्रकाश को फंदे से लटका देखा तो चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम के साथ जांच पड़ताल शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। जिस दिन बेटी का जन्मदिन था, उसी दिन पिता की मौत ने पूरे घर को गम में डुबो दिया।