नागपंचमी पर फूलबाग चौराहा स्थित खेरेपति बाबा मंदिर में मेला लगा। यहां शेषनारायण भगवान का फूलों से शृंगार किया गया। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से सजाया गया। संरक्षक व पूर्व मंत्री अनंत मिश्रा अंटू ने आरती की जिसके बाद मंदिर के पट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। देर रात तक दर्शन के लिए भीड़ लगी रही। महिलाएं और बच्चे झूलों का आनंद लेने के साथ खरीदारी करते रहे। उधर जनरलगंज स्थित नागेश्वर मंदिर में बाबा बर्फानी का भव्य शृंगार किया गया। महंत प्रकाशानंद गिरी महाराज ने बताया कि पहली बार अमरनाथ बाबा की 13 फुट ऊंची पिंडी तैयार की गई। रात आठ बजे आरती के बाद पट खुले तो श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भगवान को छप्पन भोग अर्पित किए गए और प्रसाद वितरित किया गया।