तहसील क्षेत्र के सभी 4 विकास खंडों और दूर-दराज इलाकों में सीड, पेस्टी साइड और उर्वरकों की दुकानों पर सरकार की मंशानुसार खाद, बीज, कीटशानक की बिक्री का पता लगाने के लिए कृषि विभाग, पशुपालन विभाग ने दुकानों पर छापेमारी शुरू की है। मालूम रहे बीते वर्ष आलू फसल में नकली कीटनाशक डाले जाने के कारण सैकड़ों किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा था। शनिवार को डिप्टी डायरेक्टर एग्रीकल्चर डा. आरएस वर्मा और मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. आईडीएन चतुर्वेदी ने कसबे के वैष्णों नगर स्थित कटियार बीज भंडार पर औचक छापेमारी की। छापेमारी की सूचना पर नगर के कई सीड-पेस्टीसाइड विक्रेता अपनी दुकानों में ताला डालकर इधर-उधर हो गए। डिप्टी डायरेक्टर डा. आरएस वर्मा ने बताया कि शासन के निर्देश पर पूरे प्रदेश में एकसाथ छापेमारी की गई है। तहसील के सभी विकास खंडों के प्रमुख विक्रेताओं के यहां कार्रवाई की जा रही है, जिनके नाम व सेंपल की जानकारी देर रात तक आएगी। बिल्हौर में कटियार बीज भंडार से गेहूं की करीब 15, पेस्टी साइड की 10 और अन्य प्रकार की दवाओं के नमूने लिए गए हैं। उन्होंने सभी किसानों से बीज, खाद, पेस्टीसाइड लेने पर दुकानदार से पक्का पर्चा जरूर जरूर लेने की भी अपील कर, खुला बीज, व खुला पेस्टीसाइड किसी भी दशा में न लेने की बात भी कही। अधिकारियों की छापेमारी की सूचना कुछ ही देर में पूरे क्षेत्र में फैल गई, जिसकारण शिवराजपुर और चौबेपुर के अधिकांश विक्रेता दुकान बंदकर इधर-उधर चले गए।