कानपुर समेत आसपास के जिलों में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है। बूंदाबांदी के चलते दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जबकि रात में बादलों की मौजूदगी के कारण तापमान में हल्की बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है। मौसम में इस बदलाव ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है, खासकर गेहूं की फसल को लेकर। मौसम विशेषज्ञ एस एन पांडे के अनुसार दोपहर के समय हवाओं की गति करीब 12 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। तेज हवाओं के साथ प्री-मानसून बादल सक्रिय रहेंगे, जिससे गरज-चमक के साथ कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी की स्थिति बनी रह सकती है। बेमौसम बारिश और बढ़ती नमी के कारण गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका है। विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि कटाई के बाद फसल को खेतों में खुला न छोड़ें, बल्कि सुरक्षित स्थान पर रखें, ताकि बारिश और नमी से अनाज की गुणवत्ता प्रभावित न हो।