महाराजपुर थाना क्षेत्र स्थित सरसौल कस्बे में आयुष जनरल स्टोर संचालक राजेश गुप्ता ने बीती तीन दिसंबर को खाद्य निरीक्षक अनिल पाल और उनके दो साथियों पर दस हजार पांच सौ रुपए वसूलने का आरोप लगाते हुए व्यापारी नेता महेश वर्मा के साथ थाने में तहरीर दी थी। कई दिन बीतने के बाद भी कार्रवाई न होने पर क्षेत्र के व्यापारियों ने गुरुवार को महाराजपुर थाने के पास एकत्र होने का आह्वान किया था बढ़ते दबाव के बीच पुलिस और खाद्य विभाग बैकफुट पर आ गए और बीती रात उच्चाधिकारियों के निर्देश पर खाद्य निरीक्षक अनिल पाल को निलंबित कर दिया गया इसके साथ ही महाराजपुर थाने में अनिल पाल और उनके दो साथियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। व्यापारी नेता महेश वर्मा ने कहा कि पीड़ित व्यापारी को न्याय दिलाना ही उनकी प्राथमिक मांग थी विभाग ने देर से सही लेकिन कार्रवाई की है जिससे व्यापारी संगठन संतुष्ट है। प्रस्तावित विशाल प्रदर्शन को स्थगित कर दिया गया और सरसौल पहुंचकर पीड़ित व्यापारी से मुलाकात की गई इस दौरान सैकड़ों व्यापारियों ने फूल मालाओं से स्वागत कर जश्न मनाया और इसे सच्चाई की जीत बताया। महाराजपुर थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।