फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कानपुर: आशा ताई के गीतों से सजी सुरमयी शाम, झूम उठे श्रोता

चुरा लिया है तुमने जो दिल को..., आइए मेहरबां, बैठिए जाने जां..., इशारों-इशारों में दिल लेने वाले..., ओ मेरे सोना रे सोना रे... जैसे सदाबहार गीतों ने शनिवार की शाम को यादगार बना दिया। मौका था ग्रेस क्लब और अमर उजाला की ओर से कमला नगर स्थित गौरहरि सिंहानिया इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड रिसर्च में आयोजित एक सुरमयी शाम आशा ताई के नाम कार्यक्रम का। यहां संगीत प्रेमियों ने मशहूर गायिका आशा भोसले को श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद गायिका सुजाता अरोड़ा और गायक परविंदर संधु ने अपनी सुरीली आवाज से संगीत प्रेमियों को मंत्रमुग्ध किया। आशा भोसले के संगीतमय सफर को समर्पित इस कार्यक्रम में उनके लोकप्रिय गीतों की शानदार प्रस्तुति दी गई। सुजाता अरोड़ा ने जैसे ही चर्चित गीतों की शुरुआत की पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। उन्होंने इन आंखों की मस्ती के... जैसे गीतों से आशा ताई के अंदाज को जीवंत कर दिया। उनकी गायकी में भाव, उतार-चढ़ाव और सुरों का शानदार मेल देखने को मिला। गायक परविंदर संधु ने भी अपनी दमदार आवाज से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। उन्होंने किशोर कुमार और मोहम्मद रफी के साथ आशा भोसले के गाए चर्चित युगल गीतों की प्रस्तुति दी। चुरा लिया है तुमने जो दिल को... और ले गई ले गई... जैसे गीतों पर दर्शक झूम उठे। कार्यक्रम के अंतिम चरण में दोनों कलाकारों ने पिया तू अब तो आजा... और दम मारो दम.. प्रस्तुत किए। लोगों ने कहा कि यह कार्यक्रम आशा ताई के छह दशक लंबे स्वर्णिम संगीत सफर को याद करने का खूबसूरत अवसर था। ग्रेस क्लब के संस्थापक रतन श्रीवास्तव (रिटायर्ड आईपीएस) और डॉ. इंद्र मोहन रोहतगी ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय संगीत जगत की क्वीन आशा भोसले के योगदान को नमन करना था। लाइव संगीत, शानदार लाइट इफेक्ट्स और कलाकारों की बेहतरीन प्रस्तुति ने शाम को यादगार बना दिया। उन्होंने बताया कि ग्रेस क्लब का उद्देश्य मुनाफा कमाना नहीं बल्कि गीत-संगीत के माध्यम से प्रतिभावान बच्चों को मंच उपलब्ध कराना उन्हें शिक्षा से जोड़ना और उनके उत्थान के लिए कार्य करना है। कार्यक्रम में शहर के बड़ी संख्या में संगीत प्रेमी मौजूद रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें