माती जेल में बंद मध्यप्रदेश के कड़िया सांसी गिरोह के सदस्य की कूट रचित दस्तावेज पर जमानत लेने के मामले में पुलिस ने तीन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। शनिवार को पुलिस ने दो जमानतगीरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों चंद रुपयों के लालच में जेल में बंद शातिरों की जमानत लेते थे। एएसपी राजेश पांडेय ने बताया कि रूरा थानाध्यक्ष अमित शुक्ला ने शनिवार को टीम के साथ तिगाईं के पास घेराबंदी कर इकघरा निवासी बट्टनलाल व भिखनापुर निवासी मनोज कुमार को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में बट्टनलाल ने बताया कि वह व मनोज आर्थिक लाभ के लिए जेल में बंद आसपास के जिलों व दूसरे प्रांतों के अपराधियों की एक ही जमीन के कागजात लगाकर जमानत लेते थे। जमीन को अधिक दर्शाने के लिए कूट रचित दस्तावेज भी बनवा रखे थे। दोनों ने सिकंदरा की एसबीआई शाखा में चोरी करने के मामले में माती जेल में बंद मध्यप्रदेश के अशोकनगर (टीकमगढ़) जिले के मुंगवाली थाना क्षेत्र के तलैया निवासी अंशू सांसी उर्फ अंशू सिसौदिया की जमानत में अपने कागज लगाए थे। जमानत करवाने के एवज में मिलने वाले रुपयों से वह अपने शौक पूरे करते हैं। आरोपी मनोज ने बताया कि वह एक्सीडेंट के मामलों में असली वाहन चालक के स्थान पर स्वयं को चालक दर्शा कर अपना ड्राइविंग लाइसेंस लगाकर लाभ अर्जित करता था। वह अब तक सात दुर्घटना के मामलों में अपना ड्राइविंग लाइसेंस लगा चुका है।