महाराजपुर के हाथीपुर गांव में डीसीएम चालक गोलू की हत्या को 13 दिन बीत चुके हैं, मगर पुलिस के हाथ अब भी खाली हैं। खुलासा न होने से गुस्साए परिजनों और सैकड़ों ग्रामीणों ने सोमवार को चौथी बार महाराजपुर थाने का घेराव कर जमकर हंगामा किया। पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी से थाने का माहौल गरमा गया। मृतक के भाई कुलदीप ने आरोप लगाया कि पुलिस नाम के लिए खानापूर्ति कर रही है, ठोस कार्रवाई नहीं हो रही। उसने कहा कि हत्या के आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं, फिर भी गिरफ्तारी नहीं हुई। इससे परिवार दहशत में है और गांव में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। 17 जून को पांच हजार रुपये के विवाद में गोलू की हत्या हुई थी। शव उठने से पहले अधिकारियों ने 24 घंटे में खुलासे का भरोसा दिया था, मगर 13 दिन बाद भी कोई सुराग नहीं मिला। लगातार विरोध के बावजूद नतीजा न निकलने से ग्रामीणों का सब्र टूट रहा है। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन और उग्र होगा। वहीं पुलिस का कहना है कि कई टीमें दबिश दे रही हैं और जल्द घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।