श्री ओमर वैश्य युवा परिवार और अमर उजाला की ओर से चलाई जा रही मुहिम के तहत सोमवार को मनीराम बगिया बाजार में इलेक्ट्रिकल कारोबारियों को गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियों को भूविसर्जित करने के लिए प्रेरित किया गया। पदाधिकारियों ने बाजार में घूम-घूमकर लोगों को जागरूक किया। संस्था के संरक्षक अलंकार ओमर और पदाधिकारियों ने व्यापारियों और क्षेत्रीय लोगों को बताया कि पिछले साल 60 हजार गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियों का भूविसर्जन किया गया था। इस बार 75 हजार से एक लाख तक मूर्तियों के भूविसर्जन करने की तैयारी है। इसके लिए सभी के सहयोग की जरूरत है। गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियों को एकत्र करने के लिए आठ नवंबर को बाजार में जया-विन्ध्या इलेक्ट्रानिक्स की दुकान के बाहर स्टाल लगाया जाएगा। 10 नवंबर को इनका भूविसर्जन होगा। व्यापारियों से कहा गया कि पूजित पुरानी मूर्तियों को इधर-उधर न रखें। इनका ससम्मान भू-विसर्जन करें और दूसरों को भी प्रेरित करें। इस दौरान परिवार के उत्कर्ष नाथ, शशांक गुप्ता, हिमांशु गुप्ता, शिवम गुप्ता, कानपुर इलेक्ट्रिकल कॉन्ट्रैक्टर्स एंड मर्चेंट वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष शरद अग्रवाल, महामंत्री प्रवीण आनंद, अरुणेश बाजपेई, अरविंद शुक्ला, मोहित कुकरेजा, मोहित अरोड़ा, मनोज मेघानी आदि मौजूद रहे।