कोहरे और ठंड का सितम कम नहीं हो रहा। शुक्रवार को सुबह 10 बजे तक घना कोहरा छाया रहा। इसकी वजह से वाहनों की रफ्तार थमी रही। नवीन गंगा पुल, राजधानी मार्ग, जाजमऊ हाईवे समेत सभी मार्गों पर वाहन रेंगते हुए हेडलाइट जलाकर निकले। सर्द हवा व गलन से दिन भर लोग ठंड से कंपकंपाते रहे। वहीं, नगर पालिका ने 22 स्थानों पर शुक्रवार को अलाव जलवाने की व्यवस्था कराई गई। सुबह 10 बजे तक नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में घना कोहरा छाया रहा। दृश्यता न के बराबर रहने से वाहनों की रफ्तार थमी रही। मुख्य मार्गों पर वाहन सवार वाहनों की लाइट जलाकर निकले। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने बताया कि घने कोहरे से बचाव के लिए पुलिस की ओर से लगातार प्रचार प्रसार किया जा रहा है। कोहरे के दौरान वाहन चलाने के तरीके व सुरक्षा के उपाए बताए जा रहे है। वहीं, ठंड से बचाव के लिए नगर पालिका की ओर से राजधानी मार्ग दुर्गा मंदिर, पालिका के सामने, पोनी रोड तिराहा, मिश्रा कॉलोनी गांधी चौक स्थल, मरहला चौराहा, गंगाघाट रेलवे स्टेशन, कोतवाली गेट, डाकतार कॉलोनी बम-बम तिराहा समेत 22 स्थानों पर अलाव जलवाए गए। उधर, आनंद घाट गंगातट, नमामि गंगे पार्क मार्ग, मनोहर नगर, चंपापुरवा, कंचन नगर मोड़ समेत अन्य कई स्थानों पर अलाव की व्यवस्था न कराए जाने से लोगों में नाराजगी है। पालिका ईओ मुकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि जहां से भी डिमांड आ रही है, वहां अलाव की व्यवस्था कराई जा रही है।