चमनगंज थानाक्षेत्र के घनी आबादी वाले प्रेमनगर इलाके में रविवार रात 9:30 बजे छह मंजिला इमारत के भूतल में जूते बनाने वाले कारखाने में आग लग गई। ऊंची-ऊंची लपटें देख अफरातफरी मच गई। दमकल की 35 गाड़ियां देर रात तक आग बुझाने की कोशिश में जुटी रहीं। इमारत में कई लोगों के फंसे होने की आशंका पर रेस्क्यू अभियान भी शुरु किया गया। रात करीब तीन बजे दमकलकर्मियों ने इमारत में फंसे जूता कारोबारी दानिश, उसकी पत्नी नाजनीन और तीन बेटियों के जले हुए शव निकाले। शॉर्ट सर्किट से आग लगने का अंदेशा जताया जा रहा है।