कानपुर देहात भोगनीपुर थाना क्षेत्र के करियापुर गांव के पास सोमवार को एक किसान की यमुना नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों और गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान चलाया, जिसके बाद शव को नदी से बाहर निकाला गया। करियापुर गांव निवासी छोटे (40) खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। सोमवार दोपहर वह मवेशी चराने के लिए यमुना नदी किनारे गए थे। दोपहर करीब दो बजे तेज गर्मी के कारण वह नदी में नहाने के लिए उतर गए। बताया जा रहा है कि नहाते समय वह गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आकर बीच धारा में पहुंच गए। नदी में किसान को डूबता देख आसपास मौजूद अन्य किसानों ने शोर मचाया और गांव में सूचना दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। अमरौधा चौकी प्रभारी अमित पोरवाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और खोजबीन शुरू कराई। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ टीम और स्टीमर भी मौके पर बुलाया गया। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद गोताखोरों ने किसान का शव नदी से बाहर निकाल लिया। शव मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और माहौल गमगीन हो गया।