ऐतिहासिक मेला मकनपुर में बड़ी संख्या में दूर-दूर से जायरीन का पहुंचना आरंभ हो गया है। परंपरा के अनुसार मकनपुर स्थित दरगाह में लोग अपना और अपने बच्चों का मुंडन संस्कार विधि-विधान से कर रहे हैं जबकि मन्नत पूरी होने पर कई जायरीन द्वारा लंगर का भी आयोजन कराया जा रहा है। उधर दूर-दूर से आने वाले लोग मेला में सजी दुकानों से जमकर खरीदारी कर रहे हैं। 17 जनवरी से वसंत मेला मकनपुर का आगाज हो चुका है। बीते वर्षों की भांति इसबार भी मेला कीमती घोड़ा-घोड़ी सहित खच्चर, भैंस सहित कई पशुओं की खरीद बिक्री मेला क्षेत्र में जारी है। वहीं, जिला प्रशासन द्वारा इस बार 22 जनवरी को मुशायरा, 23 जनवरी को कवि सम्मेलन, 24 जनवरी को संगीत संध्या कार्यक्रम का आयोजन भी मेला आने वाले दर्शकों के लिए किया गया है। मंगलवार को बड़ी संख्या में दरगाह पहुंचे जायरीन ने चादरपोशी और माथा टेककर बच्चों का मुंडन और कर्ण छेदन संस्कार भी कराया। उधर बांगरमऊ उन्नाव से आए जायरीन शमशुल ने बताया कि शौचालय की समुचित व्यवस्था न होने के कारण महिलाओं को खासी दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। उन्होंने महिलाओं के लिए प्रमुख स्थानों पर अस्थाई शौचालय बनाने की भी मांग की है। वहीं, मकनपुर वसंत मेला के चलते अरौल रेलवे स्टेशन सभी लंबी दूरी की गाड़ियों के ठहराव का आदेश इज्जतनगर बरेली के अधिकारियों द्वारा जारी किया गया है। 21 जनवरी से तीन फरवरी तक गाड़ी संख्या 15037, 15038, 14117, 14117, 15083, 15084 को दो मिनट का ठहराव दिया गया है।