बिजली विभाग की ओर से कराया जा रहा रिवैंप योजना का काम अभी भी आधा अधूरा है। ऐसे में कई मोहल्लों में अब तक बिजली के पोल न लगने के कारण बल्लियों के सहारे लोगों के घरों के तक बिजली दौड़ रही। मोहल्लों की गलियों में जर्जर तार जमीन पर छू रहे हैं। इससे हर वक्त हादसे का डर बना रहता है। मोहल्ला श्रीनगर, ब्रह्म नगर, अहमद नगर, परमसुखखेड़ा, रहमत नगर, अली नगर, ठाकुरखेड़ा, कृष्णा नगर, कंचन नगर, मंशाखेड़ा समेत एक दर्जन मोहल्लों की गलियों में बल्लियों के सहारे बिजली दौड़ रही है, जहां बिजली के पोल नहीं लगे हैं। जबकि मुख्य पोल से निकली एलटी लाइन की केबल भी कई जगह लटकने के कारण जमीन को छू रही है। श्रीनगर निवासी रामआसरे अवस्थी, राजोले, विकास, सुमन देवी ने बताया कि सैकड़ों की संख्या में घरेलू केबल लटक रही हैं, कोई हादसा न हो इसके लिए सभी को रस्सी के सहारे और बल्लियों के सहारे बांधा गया है। इसकी जानकारी बिजली विभाग को दी जा चुकी है, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही। उधर, एसडीओ राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि जहां भी इस तरह की सूचना आ रही है, टीमें भेज कर कार्य कराया जा रहा है।