कानपुर के मंधना कस्बे में कुरसौली मार्ग पर प्रस्तावित नाला निर्माण कार्य पिछले एक महीने से अधूरा पड़ा है। बिजलीघर से मंधना मस्जिद तक बनने वाले इस नाले का काम ठेकेदार ने शुरू तो किया, लेकिन स्थानीय विरोध के चलते बीच में ही छोड़ दिया गया। इससे क्षेत्र में जलनिकासी की समस्या जस की तस बनी हुई है। जानकारी के मुताबिक, करीब एक माह पहले सरदार पटेल इंटर कॉलेज से मंधना मस्जिद तक नाले की खुदाई शुरू की गई थी। खुदाई के दौरान नाले की गहराई को लेकर क्षेत्रीय लोगों के बीच मतभेद सामने आ गया। कुछ लोगों ने नाले को ज्यादा गहरा बनाने का विरोध किया, जबकि अन्य लोग चाहते हैं कि नाला गहरा बनाया जाए ताकि उनके घरों को भी इसका लाभ मिल सके।