सीएसजेएमयू में रेडियोलॉजी की पढ़ाई कर रहे छात्र आदित्य शर्मा (22) की आत्महत्या के मामले में पिता ने उसकी महिला मित्र पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बीएसएफ से सेवानिवृत्त पिता विजय कुमार शर्मा ने पुलिस को बताया कि चार दिन पहले बेटे की महिला मित्र ने उन्हें फोन कर कहा था कि तुम्हारे बेटे की शक्ल अच्छी नहीं है, उससे बोलो कि मेरे सामने न आया करे। इसके बाद उन्होंने बेटे को फोन कर पढ़ाई पर ध्यान देने के लिए कहा। रविवार शाम आदित्य के फंदा लगाकर खुदकुशी कर लेने का पता चला। मंगलवार को जम्मू से शहर पहुंचे पिता ने छात्रा को बेटे की मौत का जिम्मेदार ठहराते हुए रावतपुर थाने में तहरीर दी। जम्मू के सुंदरबनी, भांगड़ी, राजौरी निवासी विजय कुमार शर्मा के परिवार में पत्नी सुषमा शर्मा और इकलौता बेटा आदित्य था। पिता के मुताबिक आदित्य ने करीब तीन साल पहले सीएसजेएमयू में बैचलर ऑफ मेडिकल रेडियोलॉजी एंड इमेजिंग टेक्नोलॉजी में दाखिला लिया था। करीब दो साल विश्वविद्यालय के हॉस्टल में रहने के बाद शारदानगर में किराये का कमरा ले लिया था। पोस्टमॉर्टम हाउस में रुंधे गले पिता ने बताया कि उसके बगल में एक छात्रा भी कमरा लेकर रहने लगी थी। दोनों कमरे लेने पहुंचे तो छात्रा ने केयरटेकर से आदित्य को अपना भाई बताया था। इसके बाद दोनों अलग-अलग कमरों में रहने लगे। परिजन के मुताबिक शनिवार सुबह आदित्य छात्रा के साथ नीम करौली गया था। रविवार शाम करीब पांच बजे दोनों लौटे। इसके कुछ देर बाद ही आदित्य ने कमरे में फंदा लगा लिया। शाम करीब सात बजे उन्हें घटना की जानकारी मिली। पिता ने कहा कि बेटे को रेडियोलॉजी टेक्नीशियन बनाने का सपना लेकर कानपुर भेजा था लेकिन अब उसका शव लेकर घर लौटना पड़ रहा है। पिता ने बेटे की मौत का जिम्मेदार छात्रा को ठहराया है। डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि छात्र के पिता ने तहरीर दी है। मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। छात्र और छात्रा के बीच हुई बातचीत की सीडीआर निकलवाई जाएगी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद छात्रा से भी पूछताछ की जाएगी।