जम्मू-कश्मीर की सोपोर बारामूला निवासी हस्त शिल्प विशेषज्ञ जाहिदा अमीन को सीएसजेएमयू ने शनिवार को कन्वेंशन सेंटर की क्राफ्ट रूट प्रदर्शनी में डीलिट की उपाधि दी। जाहिदा जहां की रहने वाली हैं वहां सुबह 10 से शाम चार बजे के बाद लड़कियों के बाहर निकलने की छूट नहीं है। उस माहौल से पिता के सहारे जाहिदा खूब लड़ीं। लोगों ने ताने मारे, फब्तियां कसीं लेकिन वह मोर्चे पर डटी रहीं और अब महिला सशक्तीकरण का प्रतीक बन वह कश्मीरी महिलाओं के लिए हौसला और मिसाल हैं।