नगर निगम मुख्यालय में बुधवार को प्रतिबंधित पॉलिथीन (पन्नियों) सहित पकड़े गए ई-रिक्शे को छुड़ाने में पार्षदों और प्रवर्तन दस्ते में जमकर नोकझोंक हुई। गुस्साए पार्षदों ने ई-रिक्शा छुड़ाने के साथ ही नगर आयुक्त कार्यालय के बाहर प्रदर्शन और परिसर में घूम-घूमकर नारेबाजी की। वे प्रवर्तन दस्ते पर ई-रिक्शा छोड़ने के एवज में 10 हजार रुपये घूस मांगने और पार्षदों से अभद्रता करने का आरोप लगा रहे थे। पार्षदों ने दस्ते में शामिल सभी सेवानिवृत्त फौजियों को हटाकर दूसरे फौजियों को रखने की मांग की। इसके लिए सदन की आगामी बैठक में प्रस्ताव लाने का एलान किया। अपर नगर आयुक्त को ज्ञापन और स्वरूपनगर थाने में तहरीर दी। उधर, दस्ते के प्रभारी ने पार्षदों पर अभद्रता और जुर्माना जमा कराए बिना जबरन ई-रिक्शा छुड़ाने का आरोप लगाया। अपर नगर आयुक्त प्रथम और तृतीय से शिकायत की।