घरेलू और कामर्शियल गैस सिलिंडरों के दाम में वृद्धि के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शनिवार को मिश्रा कॉलोनी गांधी चौक स्थल पर हाथ में सिलिंडर लेकर प्रदर्शन किया। केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा इससे आम आदमी का घरेलू बजट बिगड़ेगा और महंगाई चरम पर पहुंचेगी। ऐसे में मूल्य वृद्धि तत्काल वापस ली जाए। प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसियों ने कहा कि मोदी सरकार ने पूरी तरह से अमेरिका के सामने समर्पण कर दिया है। आज अमेरिका हमें निर्देश दे रहा है कि हमें किससे तेल खरीदना है और किससे नहीं। अमेरिका की ओर से ईरान पर थोपे गए युद्ध का असर अब भारत पर पड़ रहा है, जिसके कारण घरेलू गैस सिलिंडर के दामों में सरकार ने 60 रुपये और कामर्शियल पर 115 रुपये की वृद्धि कर दी है। इसका असर आम आदमी के जीवन यापन पर पड़ेगा। सरकार की असफल विदेश नीति का परिणाम देश की जनता को भुगतना पड़ रहा है। जल्द पेट्रोल और डीजल के दामों में बढ़ोत्तरी होगी जिसका कांग्रेस कड़ा विरोध करती है। प्रदर्शन के दौरान मयंक बाजपेई, संजय सिंह, बाबूलाल, हनीफ, पिंटू, निर्मल, विश्वनाथ दास, प्यारेलाल, पंकज सिंह, जयराम गुप्ता, अतीस साहू, रंगीलाल शर्मा, अजय व सुरेश आदि मौजूद रहे।