शिक्षक भर्ती परीक्षा देने के लिए शनिवार को शहर में कई जिलों से हजारों अभ्यर्थी पहुंचे। इससे सेंट्रल स्टेशन पर सुबह और शाम को परीक्षार्थियों की भीड़ दिखी। जनरल कोच में जगह नहीं मिलने से काफी संख्या में परीक्षार्थी आरक्षित कोचों में भी घुस गए। इसके चलते आरक्षण कराने वाले यात्रियों को परेशानी हुई। वहीं अब रविवार को भीड़ बढ़ने पर स्पेशल ट्रेन चलाने के लिए रेलवे ने दो अतिरिक्त रैक तैयार किए हैं। शुक्रवार की रात और शनिवार की सुबह सेंट्रल स्टेशन पर आने वाली ट्रेनों में परीक्षार्थियों की भीड़ दिखी। वहीं शाम को साढ़े पांच बजे के बाद स्टेशन पर अचानक परीक्षार्थियों का सैलाब उमड़ पड़ा। प्रयागराज की ओर जाने वाली महानंदा एक्सप्रेस, ग्वालियर-बरौनी एक्सप्रेस के रिजर्व कोचों में भी परीक्षार्थियों ने कब्जा कर लिया। इन कोचों में आरक्षित टिकट पर सफर कर रहे यात्रियों से सीटों पर बैठने को लेकर परीक्षार्थियों की तीखी नोकझोंक हुई। स्थिति बिगड़ने पर आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीमों ने परीक्षार्थियों को कोच से उतारना शुरू किया। आरपीएफ प्रभारी एसएन पाटीदार व जीआरपी प्रभारी ओएन सिंह की अगुवाई में टीम ने आरक्षित कोच से परीक्षार्थियों को उतारा। वहीं पुलिस बल जैसे ही परीक्षार्थियों को एक कोच से उतारती वह तत्काल दूसरे कोच में चढ़ जाते। करीब एक घंटा चली अव्यवस्था के बाद जब कुछ ट्रेनों से परीक्षार्थी रवाना हुए तो रेलवे प्रशासन ने राहत की सांस ली। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि रविवार को पुन: परीक्षा होने के कारण भीड़ उमड़ने की संभावना है। इसी को देखते हुए 10 नई टीमों को तैनात किया गया है जो सुबह चार बजे से प्लेटफार्म और पैदल पुलों पर परीक्षार्थियों को नियंत्रित करेंगी।