महाराजपुर थाना क्षेत्र के पुरवामीर गांव में चार अनाथ बच्चों के लिए चलाई गई मदद की मुहिम रविवार को एक नई उम्मीद के साथ आगे बढ़ी। बच्चों के लिए बनने वाले नए भवन का भूमि पूजन वैदिक मंत्रोच्चारण और विधि-विधान के साथ धूमधाम से सम्पन्न कराया गया। अनाथ बच्चों को अब शासन-प्रशासन की ओर से राशन, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं का सहयोग मिलने लगा है। हालांकि सबसे बड़ी समस्या उनके रहने के लिए सुरक्षित आवास की थी। बरसात का मौसम नजदीक होने और बच्चों के केवल दस फीट के छोटे कमरे में रहने की मजबूरी को देखते हुए उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल ने भवन निर्माण का जिम्मा उठाया। शासन से मौखिक अनुमति मिलने के बाद रविवार को भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। पूजा का कार्य पंडित उमेश मिश्रा, रोहित कुमार शुक्ला उर्फ मुरारी, राघवेंद्र द्विवेदी, मुकेश मिश्र और राममोहन द्विवेदी सहित पांच ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ सम्पन्न कराया। पूजन कराने पहुंचे पंडित उमेश मिश्रा ने कहा कि यह केवल पूजा नहीं बल्कि मानवता का कार्य है। उन्होंने कहा कि अनाथ बच्चों के लिए होने वाले इस कार्य में वह दक्षिणा नहीं लेंगे बल्कि भवन निर्माण के लिए मौरम दान करेंगे।