पनकी के इस्पातनगर में रविवार को एक केमिकल गोदाम में टैंकर से केमिकल ड्रमों भरते समय आग लग गई। करीब साढ़े तीन घंटे तक गोदाम धधकता रहा। इस दौरान केमिकल से भरे करीब 25 ड्रम धमाके के साथ फट गए। आग बुझाने की कोशिश करने के दौरान चार दमकल कर्मी भी झुलस गए। इस्पातनगर के ई-58 स्थित केमिकल गोदाम में रविवार शाम करीब 4:30 बजे दो मजदूर शाम टैंकर से ज्वलनशील केमिकल ड्रमों में भर रहे थे। उसी दौरान एकाएक केमिकल भरे ड्रमों में आग लग गई। टैंकर खाली कर रहे दोनों मजदूरों ने लपटें देखी तो गोदाम खुला छोड़कर मौके से टैंकर लेकर भाग गए। देखते ही देखते आग ने गोदाम में रखे ड्रमों को चपेट में ले लिया।