कोतवाली गंगाघाट के पश्चिमी पुलिस चौकीक्षेत्र के ग्राम हरिहरपुर गांव में मंगलवार को करीब 13 बीघे जमीन कब्जा मुक्त कराई गई। जमीन राजस्व अभिलेखों में गंगा रेती में दर्ज है। एसडीएम सदर के नेतृत्व में जेसीबी की मदद से अवैध प्लाॅटिंग को तोड़ा गया। खाली कराई गई जमीन की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ 76 लाख रुपये बताई गई है। एसडीएम सदर क्षितिज द्विवेदी ने बताया कि हरिहरपुर गांव में जमीन पर कब्जा करने की शिकायतें लखनऊ आयुक्त और डीएम से की गई थी। इस पर राजस्व विभाग ने गोपनीय जांच कराई थी। हरिहरपुर में भूमि संख्या 62 से 66 के बीच आने वाली कुल 21 बीघा सरकारी जमीन पर कब्जे पाए गए हैं। मंगलवार को कार्रवाई के दौरान 13 बीघा जमीन को मुक्त कराया गया। प्लाटिंग किसने और कब कराई, इसकी जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।