नवाबगंज स्थित जागेश्वर मंदिर में महाशिवरात्रि के एक दिन पूर्व मंगलवार को हल्दी, मेहंदी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भोलेबाबा का शृंगार करने के साथ ही पूरे मंदिर को फूलों से सजाया गया। महिलाओं ने भजन गाकर भोले बाबा का गुणगान किया। सोलह-शृंगार देवी गाैरा करेंगी, लगन चढ़ेगा और मेहंदी लगेगी... भजन पर महिलाएं जमकर झूमीं। सुबह बाबा की आरती कर भोग लगाया गया। दो बजे से महिलाओं ने तीन लोक में सबसे अलग है भोला तेरी कहानी-भोले दानी, बाबा औघड़दानी..., ऐसा भोला है भंडारी-ओ भोलेनाथ रे जैसे भजन गाए। इसके बाद महिलाओं ने मां पार्वती को मेहंदी और हल्दी लगाई। शाम को भंडारा वितरित किया गया। इस दौरान 12 महिलाओं को सम्मानित भी किया गया।