नादेमऊ कस्बे में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। 22 स्कूली बच्चों को ले जा रही एक कार ट्रैक्टर से टकरा गई, जिसमें एक छात्र का सिर फट गया। इस दुर्घटना में कुल सात बच्चे घायल हुए हैं, जबकि कार चालक मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक भी मौके से भाग निकला। डीएम ने एआरटीओ को घटना की जांच के आदेश दिए हैं। नादेमऊ चौकी क्षेत्र में सुबह करीब आठ बजे निजी स्कूल के बच्चों को लेने के बाद एक निजी टाटा स्पेसियो कार मढ़पुरा गांव से नादेमऊ लौट रही थी। नादेमऊ कस्बे में पहुंचते ही सामने से आ रहे एक ट्रैक्टर से कार की टक्कर हो गई। हादसे के समय कार में लगभग 22 बच्चे सवार थे। छात्र प्रियांश पाठक का सिर फट गया, जबकि सृष्टि, सोनम, शिवांग, सोनाक्षी, देवांशी, प्रियल और योगराज चोटिल हुए। दुर्घटना होते ही चालक बच्चों को कार से उतारकर भाग निकला। अभिभावकों ने मौके पर पहुंचकर घायल बच्चों को अस्पताल पहुंचाया। वहीं, हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक भी मौके से भाग गया। इसको लेकर ग्रामीणों में रोष है। थानाध्यक्ष नागेंद्र सिंह ने बताया कि अभिभावकों ने थाने में तहरीर नहीं दी है। बताया गया कि दोपहर बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया है।