नौतपा शुरू हो गए हैं। पहले ही दिन झांसी खूब तपा। अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। ऐसे में झांसी प्रदेश का दूसरा सबसे गर्म शहर रहा। दिनभर लू ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया। इलाइट चौराहे पर राहगीरों को राहत देने के लिए प्रशासन ने पानी की फुहार की व्यवस्था की है। ताकि कुछ राहत मिल सके। सुबह से ही तेज धूप खिली होने और लू चलने से भीषण गर्मी पड़ने लगी थी। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, वैसे-वैसे सूरज की तल्खी बढ़ने से आसमान से बरसती आग ने लोगों को बेहाल कर दिया। खासकर दोपहर 12 से तीन बजे तक बीकेडी, इलाइट, चित्रा, कचहरी और जेल चौराहा पर आम दिनों की तुलना में भीड़भाड़ कम रही।