मंगलवार दोपहर थाना सदर बाजार के सिमराहा गांव निवासी अवधेश राय के घर पर विवाद के बाद 15-20 लोगों ने हमला बोल दिया। घर पर ईंट-पत्थर बरसाए गए। पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। भुक्तभोगी ने आरोपियों के खिलाफ सदर बाजार थाने में तहरीर दी है। सिमराहा निवासी अवधेश ने पुलिस को बताया कि गांव के कुछ लोगों से उनका विवाद चल रहा है। मंगलवार दोपहर करीब 2:50 बजे वह घर के बाहर कार धुल रहे थे। तभी गांव का राजू यादव अपने 15-20 साथियों के साथ आ धमका। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी, सरिया व पत्थरों से हमला बोल दिया। घर के दरवाजे पर पत्थर बरसाए। उन लोगों ने घर में छुपकर किसी तरह जान बचाई। मोहल्ले के लोगों के जमा हो जाने से आरोपी धमकाते हुए भाग निकले। अवधेश ने घर के बाहर लगे सीसीटीवी की फुटेज भी पुलिस को सौंपी है। सदर बाजार प्रभारी निरीक्षक महेश चंद्र का कहना है कि छानबीन कराई जा रही है।