रविवार शाम झांसी-कानपुर हाईवे पर सेमरी टोल प्लाजा के आगे बरल गांव के पास गुटखा कारोबारी के मुनीम से बाइक सवार दो बदमाश नकदी से भरा बैग लूट ले गए। वारदात के बाद बदमाश झांसी की ओर भाग निकले। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने नाकेबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी। खबर लिखे जाने तक बदमाशों का पता नहीं चल सका था। कोतवाली क्षेत्र के सुभाषगंज स्थित जुगयाना मोहल्ला निवासी विष्णु गुप्ता गुटखा के नामी कारोबारी हैं। उनके यहां उरई निवासी सर्वेश कुशवाहा मुनीम के रूप में कार्यरत है। वह झांसी सहित आसपास के जनपदों में तकादा वसूली का काम करता है। सर्वेश ने पुलिस को बताया कि रविवार दोपहर वह अपनी पुत्री आकृति और रक्सा निवासी विकास पाल के साथ कार से तकादा वसूलने निकला था। पहले उरई और एट में व्यापारियों से रकम ली गई। इसके बाद झांसी पहुंचकर पूंछ और समथर में कारोबारी पवन गुप्ता से भी तकादा वसूला गया। सारी नकदी एक बैग में रखकर वे झांसी लौट रहे थे। शाम करीब 6:45 बजे जैसे ही उनकी कार सेमरी टोल प्लाजा के आगे बरल गांव के पास पहुंची, पीछे से आई एक बाइक पर सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने तमंचे की नोंक पर कार को रुकवा लिया। बदमाशों ने धमकाते हुए कार का दरवाजा खुलवाया और सर्वेश के हाथ से नकदी से भरा बैग छीन लिया। विरोध करने पर उसे बुरी तरह से पीटकर घायल कर दिया। दोनों बदमाश झांसी की ओर भाग गए। घटना के करीब 45 मिनट बाद पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद कारोबारी विष्णु गुप्ता भी मौके पर पहुंच गए। एसपी (आरए) डॉ. अरविंद कुमार और सीओ मोंठ अजय श्रोत्रिय ने मुनीम से घटना की जानकारी ली। एसपी (आरए) ने बताया कि बैग में कितनी रकम थी, इसकी सटीक जानकारी अभी नहीं मिल सकी है। मामले की जांच की जा रही है। बदमाशों की तलाश के लिए सभी चेक प्वाइंट को अलर्ट कर दिया गया है।