महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में तीमारदारों ने नर्सिंग स्टाफ को पीट दिया। घटना से नर्सिंग स्टाफ में आक्रोश फैल गया। मामले की सूचना मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने पुलिस को दे दी है। मेडिकल कॉलेज के वार्ड आठ में शुक्रवार शाम सात बजे इंदरगढ़ निवासी अजय को विषाक्त पदार्थ खाने के बाद भर्ती किया गया था। शनिवार तड़के 04:50 बजे उसकी मौत हो गई। प्रमुख अधीक्षक डॉ. सचिन माहुर ने बताया कि जब नर्सिंग स्टाफ वार्ड में ही बने जूनियर डॉक्टर के कक्ष में गया। तभी पीछे से भागते हुए तीमारदार आए और उसके साथ मारपीट कर दी। उसे कक्ष से खींचकर बाहर ले आए और वार्ड के अंदर की तरफ ले गए। उन्होंने बताया कि परिजन नर्सिंग स्टाफ से कह रहे थे कि उनका मरीज मर कैसे गया। घटना के बाद नर्सिंग स्टाफ कॉलेज के प्रधानाचार्य से मिलने पहुंचा और कार्रवाई की मांग करने लगा। वहीं कॉलेज प्रशासन ने मामले की जानकारी पुलिस को दी है।