महिला ऑटो चालक अनीता चौधरी की गोली मारकर हत्या कर भागा आरोपी मुकेश झा शुक्रवार देर-रात पुलिस की गोली का शिकार हो गया। मऊरानीपुर रोड पर भगवंतपुरा के पास रोकने के दौरान पुलिस से उसकी मुठभेड़ हो गई। पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। उसे मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति के मुताबिक आरोपी की तलाश में कई टीमों को लगाया गया था। पुलिस को चकमा देने के लिए आरोपी अपनी कार नोटघाट पुल पर छोड़कर भाग गया था। सीसीटीवी कैमरों को भी पुलिस खंगालने में जुटी थी। शुक्रवार रात नवाबाद थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव टीम के साथ भगवंतपुरा के पास चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुकेश झा उस रास्ते से ओरछा की ओर जाने की फिराक में था। पुलिस के रोकने पर वह करगुआं के कच्चे रास्ते की ओर भागने लगा। घेरने पर पुलिस टीम पर फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में एक गोली उसके पांव में लगी। सोमवार को अनीता की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। सुकुवां-ढुकुवां कॉलोनी के पास रक्तरंजित हाल में उसका शव बरामद हुआ था। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने प्रेमनगर निवासी मुकेश झा समेत पुत्र शिवम और मनोज के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। उसके बाद से पुलिस मुकेश को तलाश रही थी। उस पर 25 हजार का इनाम भी घोषित था।