गरौठा कोतवाली पुलिस ने अवैध बालू खनन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बालू से भरे दो ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ लिए। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। जसवंतपुरा घाट एवं बंगरा के पास लाखेरी नदी से ट्रैक्टर-ट्रॉली में अवैध रूप से बालू का परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम का गठन कर बताए गए स्थानों पर भेजा गया। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ लिया। जांच में ट्रॉलियों में अवैध रूप से खनन की गई बालू भरी मिली। दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सुरजीत सिंह, उपनिरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक रामचंद्र तथा पुलिसकर्मी पुष्पेंद्र, विजय सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।