विकासखंड चिरगांव की सभी 63 ग्राम पंचायतों में विकसित भारत गारंटी रोजगार, आजीविका मिशन तथा ग्रामीण बीबीजी राम जी अधिनियम 2025-25 की जागरूकता के लिए बैठक का आयोजन किया गया। इन बैठकों में ग्रामीण मजदूरों, महिलाओं, अनुसूचित जाति-जनजाति परिवारों एवं अन्य कमजोर वर्गों की सक्रिय भागीदारी रही। खंड विकास अधिकारी रामकुमार वर्मा ने बताया कि ग्राम सभाओं में ग्राम प्रधान, पंचायत सचिव, रोजगार सेवक एवं तकनीकी सहायक ने योजनाओं की जानकारी देते हुए उनके उद्देश्य, लाभ, पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया के बारे में विस्तार से दी जा रही है । ग्रामीणों को बताया गया कि इन योजनाओं का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर सृजित कर आजीविका को मजबूत बनाना है। बैठकों की जानकारी एवं कार्यवाही को पंचायत निर्णय ऐप के माध्यम से जियो-टैग फोटो सहित रियल टाइम अपलोड करना अनिवार्य किया गया। इसके साथ ही सभी सरकारी कार्यालयों, सामुदायिक भवनों एवं ग्राम पंचायत भवनों पर योजनाओं से संबंधित पोस्टर प्रदर्शित किए गए तथा ग्रामीणों के बीच पंपलेट वितरित किए गए। ग्रामीणों ने योजनाओं को लेकर अपनी जिज्ञासाएं रखीं, जिनका अधिकारियों द्वारा मौके पर समाधान किया गया। ग्राम सभाओं में हुई इन बैठकों से ग्रामीणों में योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ी और अधिक से अधिक लोगों को लाभ दिलाने की दिशा में सकारात्मक पहल हुई।