उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को झांसी पहुंचे, जहां उन्होंने 36वें ‘क्षेत्रीय खेलकूद महोत्सव-2025’ में हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर सुबह झांसी स्थित कन्वेंशन सेंटर में उतरा, जहां से वे सीधा भानू देवी गोयल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज पहुंचे। यहां विद्या भारती पूर्वी उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित इस क्षेत्रीय खेलकूद समारोह में उन्होंने विजेता टीमों और खिलाड़ियों को सम्मानित किया तथा समारोह को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का आधार हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रदेश का गौरव बताया और खेल के माध्यम से अनुशासन, टीम भावना व प्रतिस्पर्धा की भावना को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य सरकार खेलों के प्रोत्साहन और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
समारोह के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 12 बजे झांसी के कन्वेंशन सेंटर के लिए रवाना हुए। यहां उन्होंने लगभग 30 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अत्याधुनिक कन्वेंशन सेंटर का लोकार्पण किया। यह सेंटर झांसी के विकास का एक नया आयाम माना जा रहा है, जिसमें बड़े सांस्कृतिक और प्रशासनिक कार्यक्रमों के आयोजन की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं।
कन्वेंशन सेंटर पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री ने जिले के विकास कार्यों और कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर 1:40 बजे झांसी से हेलीकॉप्टर द्वारा जालौन के लिए रवाना हो गए।
यह झांसी में मुख्यमंत्री योगी का 21वां दौरा था। उनके दूसरे कार्यकाल में यह चौथा आगमन है। योगी पहली बार 20 अप्रैल 2017 को झांसी आए थे, जबकि पिछली बार 11 मार्च 2025 को उन्होंने क्राफ्ट मेला मैदान में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना कार्यक्रम में हिस्सा लिया था।
मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की थीं। कन्वेंशन सेंटर परिसर में हेलीपैड तैयार किया गया था और सड़क निर्माण कार्य भी समय रहते पूरा कर लिया गया। हालांकि, रुक-रुककर हुई बारिश के कारण निर्माण कार्य में कई बार बाधा भी आई, फिर भी सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर ली गईं।