पाकिस्तान की कराची जेल में बंद मछुआरों के पीड़ित परिवार से समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल मिलकर ढाढ़स बंधाया। सपा पिछड़ा वर्ग के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राम लौटन निषाद ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश के माध्यम से मछुआरों की रिहाई का मुद्दा लोकसभा और राज्यसभा के सदन में उठाया जाएगा ।शनिवार को शाम पहुंचे उक्त ने परिवार की मदद के साथ वतन वापसी की लड़ाई लड़ने का आश्वासन दिया। उक्त ने कहा कि निषाद मछुआरा समाज के जौनपुर, गाजीपुर, बलिया,सुल्तानपुर, भदोही आदि जिले के लोग गुजरात व महाराष्ट्र जाकर बङे मत्स्य व्यापारियों के यहाँ समुद्र में मछली पकड़ने का काम करते हैं।अक्सर समुद्र में दूर जाने के बाद सीमा का ध्यान नहीं रहता और सामुद्रिक सीमा उल्लंघन के आरोप में पाकिस्तानी नौसेना के द्वारा गिरफ्तार कर लिया जाता है। उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल के कई जिले के 150 से अधिक बिन्द,मल्लाह,केवट पाकिस्तान की कराची जेल में बन्द हैं। कराची जेल में सैकङों मछुआरे 2020 से ही बन्द हैं,जिनकी उम्र 25 से 40 वर्ष है। जीविकोपार्जन के लिए गुजरात जाकर बतौर मजदूर समुद्र में मछली पकड़ने का काम करते थे।इनके बीबी-बच्चे,माता-पिता बदहाली व अभाव की जिन्दगी जी रहे हैं।सबको स्वदेश वापस लाने के लिए सपा आवाज उठाएगी।मृत घुरहू के परिवार को पार्टी द्वारा आर्थिक सहायता देने पर भी विचार किया जा रहा है।प्रतिनिधि मंडल के साथ डा.मनोज कुमार यादव,ग्राम प्रधान मृत्युंजय बिंद के साथ अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।