जौनपुर जिले में मुंगराबादशाहपुर और मड़ियाहूं थाना परिसर में सोमवार को पुलिस की क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधिकारियों ने कहा कि होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा, शराब ठेका, विद्यालय, कॉलेज व चौराहों-तिराहों पर गोल बनाकर इकट्ठा होने वाले असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाए। उन्होंने कहा कि अपराध पनपने से पहले ही पुलिस को सक्रिय होकर कार्रवाई करनी होगी। उन्होंने कहा कि सड़क पर झुंड बनाकर कॉलेज या कोचिंग जा रही छात्राओं से छेड़छाड़ करने वालों की सूचना तत्काल पुलिस को दें, जिससे समय रहते कठोर कार्रवाई की जा सके। बाइक से रील बनाना, ड्राइविंग के दौरान मोबाइल पर बात करना, चोरी, लूट, हत्या, डकैती व सट्टेबाजी जैसी गतिविधियों में लिप्त लोगों की जानकारी भी पुलिस को दें। साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक, इंस्टाग्राम पर धार्मिक व जातिवादी टिप्पणी कर माहौल खराब करने वाले ग्रुप संचालकों को चिन्हित कर थाने में सूचित करें, ताकि उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा सके।