कानपुर-झांसी हाईवे पर उसरगांव के खेत में महिला का अधजला शव मिला है। शव हाईटेंशन टावर के पास पड़ा था और उससे धुआं निकल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या कर शव को यहां लाकर जलाया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं। कोतवाली क्षेत्र में बुधवार दोपहर उसरगांव निवासी किसान बब्लू पड़ोसी किसान के खेत में पानी का पाइप डालने की सूचना पर मौके पर पहुंचे थे। खेत में लगे विद्युत विभाग के हाईटेंशन टावर के पास पहुंचते ही उन्होंने महिला का अधजला शव देखा। इस पर उसने इसकी सूचना डायल 112 पर दी गई। इसके बाद कोतवाली पुलिस को अवगत कराया गया। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी अजय ब्रह्म तिवारी व सीओ अवधेश कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान शव के पास से एक अधजला आधार कार्ड और रेल टिकट बरामद हुआ है। इससे महिला के गैर प्रांत की होने की आशंका जताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पहचान कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। हालांकि अभी तक पुलिस के हाथ कोई ठोस सुराग नहीं लगा है।