जालौन के उरई स्थित एट थाना क्षेत्र में एक सात वर्षीय बालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी है। सड़क पार करते समय बाइक की टक्कर से घायल हुए बच्चे को एक दंपती अस्पताल ले जाने की बात कहकर अपने साथ ले गया, लेकिन वह अस्पताल नहीं पहुंचे और अगले दिन सुबह बच्चे का शव तालाब किनारे मिला। आशंका है कि बच्चे की रास्ते में ही मौत हो गई और पकड़े जाने के डर से बाइक सवार दंपती ने शव को तालाब किनारे फेंक दिया और फरार हो गए। सूचना मिलते ही एएसपी प्रदीप कुमार वर्मा फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी है।