कस्बे में मुख्य सड़क से नाले तक फैले अतिक्रमण को हटाने के लिए लोक निर्माण विभाग की टीम ने पुलिस की मौजूदगी में अभियान चलाया। अभियान के दौरान अतिक्रमण करने वालों के साथ कई बार टीम की तीखी नोकझोंक हुई। पाली कस्बे में बैरियर तिराहा से लेकर बरगद चौराहा के पास तक लोक निर्माण विभाग में सड़क के दोनों तरफ नाले का निर्माण कराया है। नाला और सडृक के बीच की जगह पर बड़ी संख्या में लोगों ने अतिक्रमण कर रखा है। बीते दिनों रामलीला चौराहा के पास स्थित एक रेस्टोरेंट के संचालक की ओर से अतिक्रमण किए जाने की शिकायत लोक निर्माण विभाग के जिम्मेदारों से की गई थी। सहायक अभियंता संतोष रावत के मुताबिक अतिक्रमण हटाने के लिए शुक्रवार तक का समय नोटिस के जरिए रेस्टोरेंट संचालक को दिया गया था।