हरदोई जिले के अतरौली थाना क्षेत्र स्थित नरोइया गांव में शुक्रवार शाम बाइक को लेकर दो भाइयों के बीच हुआ विवाद दर्दनाक घटना में बदल गया। कहासुनी के बाद एक भाई ने बाइक में आग लगा दी, जबकि दूसरे भाई ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसे युवक की अस्पताल में मौत हो गई। गांव निवासी निखिल (18) नरोइया पुलिया के पास परचून की दुकान चलाता था। पारिवारिक चाचा रामाधार के अनुसार शुक्रवार शाम करीब साढ़े चार बजे निखिल अपनी दुकान पर बैठा था। तभी उसका बड़ा भाई शेरू शराब के नशे में बाइक से वहां पहुंचा। निखिल ने पवायां जाने के लिए भाई से बाइक मांगी, लेकिन शेरू ने इंकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। बताया गया कि विवाद बढ़ने पर निखिल पैदल ही बाइक लेकर जाने लगा। इस दौरान शेरू दुकान में रखी पेट्रोल की बोतल उठा लाया और बाइक पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। निखिल ने बाइक की आग बुझाने की कोशिश की तो शेरू ने उसे रोक दिया। इससे नाराज होकर निखिल ने शेरू के सिर पर डंडा मार दिया। इसके बाद निखिल दुकान से दो बोतलों में पेट्रोल भरकर लाया और खुद पर पेट्रोल छिड़क लिया। वह जलती हुई बाइक के पास जाकर खड़ा हो गया और देखते ही देखते आग की लपटों में घिर गया। मौके पर मौजूद लोग उसे बचाने दौड़े, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुका था।