उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में बदमाश का एनकाउंटर किया गया है। पुलिस ने 50 हजार के इनामी को मुठभेड़ में मार गिराया है। बदमाश के खिलाफ मुजफ्फरनगर, संभल, अमरोहा और गौतमबुद्धनगर सहित विभिन्न जिलों में गौकशी, हत्या का प्रयास, गैंगस्टर एक्ट समेत करीब 25 मुकदमे दर्ज थे। पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि देर रात यूपी 112 पर सूचना मिली थी कि कपूरपुर थाना क्षेत्र के गांव सपनावत जंगल में कार सवार कुछ बदमाश गौकशी कर रहे हैं। थाना प्रभारी विनोद कुमार पांडेय अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे तो कार सवार बदमाश फरार होने लगे। घेराबंदी के दौरान हसीन ने थाना प्रभारी पर फायरिंग कर जानलेवा हमला किया। जवाबी कार्रवाई में हसीन गोली लगने से घायल हो गया। उसे पहले धौलाना सीएचसी और फिर पिलखुवा के रामा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मौके से पुलिस ने घटना में इस्तेमाल कार, अवैध पिस्टल, कारतूस और खोखा कारतूस बरामद किए। पुलिस टीमें बदमाश के साथियों की तलाश कर रही हैं।